कोटा की तीन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का निरीक्षण, सुधार के दिए निर्देश

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का रखें विशेष ध्यान : जिला पंचायत सीईओ

कोटा की तीन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का निरीक्षण, सुधार के दिए निर्देश
अनुपस्थित पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

बिलासपुर, 10 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने जनपद पंचायत कोटा की ग्राम पंचायत नवागांव सलका, कुआड़ीमोड़ा एवं गोबरीपाट में संचालित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।जिला पंचायत सीईओ अग्रवाल ने इस दौरान जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ), सांसद निधि एवं वीबी-जी राम जी योजना सहित विभिन्न मदों से निर्मित किए जा रहे सामुदायिक भवन, प्रार्थना शेड, उचित मूल्य की दुकान, बाउंड्रीवॉल, बालिका शौचालय तथा आंगनबाड़ी भवन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान प्रार्थना शेड की ऊंचाई बढ़ाने तथा उचित मूल्य की दुकान के फर्श का स्तर ऊंचा करने के लिए संबंधित उप अभियंता को निर्देशित किया गया, ताकि वर्षा के दौरान पानी भरने की समस्या से बचाव हो सके और ग्रामीणों को सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।आंगनबाड़ी केंद्र में साफ-सफाई और सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि बच्चों के लिए स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ युवराज सिंहा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीबी-जी राम जी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

