Blog

जर्जर सड़कों की मरम्मत और कुकदा हाई स्कूल की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को लिखा पत्र

जर्जर सड़कों की मरम्मत और कुकदा हाई स्कूल की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को लिखा पत्र

जनहित और शिक्षा के मुद्दों पर विधायक दिलीप लहरिया की बड़ी पहल,

बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर विधायक दिलीप लहरिया लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। बरसात के मौसम में क्षेत्र की जर्जर सड़कों से आमजन को हो रही परेशानियों के साथ-साथ ग्राम पंचायत कुकदा स्थित शासकीय हाई स्कूल में शिक्षकों की कमी, भवन के अभाव एवं मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए विधायक ने जिला प्रशासन को अलग-अलग पत्र प्रेषित कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। विधायक की यह पहल क्षेत्रवासियों के हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।विधायक दिलीप लहरिया ने कलेक्टर बिलासपुर को भेजे पत्र में बताया कि मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र की लोक निर्माण विभाग के अधीन आने वाली 26 प्रमुख सड़कें लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं। लगातार बारिश के कारण इन मार्गों पर आवागमन अत्यंत कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है। सड़कें जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है।उन्होंने विशेष रूप से सीपत–लूथरा–खमरिया–कुली मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि निकट भविष्य में लूथरा में आयोजित होने वाले सालाना उर्स मेले में हजारों श्रद्धालु एवं ग्रामीण इसी मार्ग से आवागमन करेंगे। इसके अलावा प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी इसी सड़क से स्कूल एवं कॉलेज आते-जाते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे में इस मार्ग की तत्काल मरम्मत अत्यंत आवश्यक है।इसी प्रकार विधायक ने मल्हार–डिंडेश्वरी मंदिर मार्ग का भी विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां डिंडेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण उन्हें आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, इसलिए इस मार्ग का शीघ्र मरम्मत कार्य कराया जाना आवश्यक है।विधायक ने बुढ़ीख़ार–जैतपुर–चौहा–अकोला–बैटरी मार्ग की जर्जर स्थिति का भी विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र का प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्ग है। बरसात में सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस मार्ग की भी तत्काल मरम्मत एवं संधारण कर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।विधायक ने यह भी बताया कि संबंधित सड़कों के नवीन निर्माण के लिए बजट एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बावजूद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। उन्होंने मांग की है कि नवीन निर्माण कार्य शुरू होने तक सभी 26 सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं संधारण कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में आमजन, श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।इसी क्रम में विधायक दिलीप लहरिया ने ग्राम पंचायत कुकदा स्थित शासकीय हाई स्कूल की गंभीर समस्याओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर को भी पत्र प्रेषित किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से संचालित इस विद्यालय में लगभग 102 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन स्वीकृत शिक्षकीय पदों के विरुद्ध अधिकांश पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों की नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित हो रही है। पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध नहीं हो पा रही है।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय में पर्याप्त भवन नहीं होने के कारण कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को एक ही कक्ष में अध्ययन करना पड़ रहा है, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके अतिरिक्त विद्यालय को पिछले लगभग तीन वर्षों से शाला अनुदान प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण रखरखाव, साफ-सफाई, फर्नीचर, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है।विधायक ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि विद्यालय के रिक्त शिक्षकीय पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए, भवन निर्माण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर शुरू की जाए, लंबित शाला अनुदान राशि तत्काल स्वीकृत कर जारी की जाए तथा विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, पेयजल, विद्युत एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Ramgopal Bhargav

मेरा नाम रामगोपाल भार्गव है, मैं (नवा बिहान न्यूज़) पोर्टल का संपादक हूँ। Navabihannews.com एक हिन्दी न्यूज़ पॉर्टल है इस पोर्टल छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश दुनियाँ की खबरों को प्रकाशित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button