संकुल स्तरीय विदाई समारोह में किशोर कुमार कुजूर को दी गई भावभीनी विदाई

संकुल स्तरीय विदाई समारोह में किशोर कुमार कुजूर को दी गई भावभीनी विदाई
मस्तूरी। संकुल केंद्र मटिया के तत्वावधान में शासकीय प्राथमिक शाला टिकरापारा, सरसेनी के प्रधान पाठक किशोर कुमार कुजूर के सेवानिवृत्ति अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटिया में संकुल स्तरीय विदाई समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कुजूर ने शिक्षा विभाग में लगभग 38 वर्षों तक अपनी सेवाएँ दीं। उनकी प्रथम नियुक्ति 7 दिसंबर 1988 को शासकीय प्राथमिक शाला कोटरी कला, जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) में हुई। वर्ष 1995 में वे बिलासपुर संभाग में आए तथा 5 अगस्त 2008 से शासकीय प्राथमिक शाला टिकरापारा, सरसेनी में प्रधान पाठक के रूप में सेवाएँ दीं। 31 अगस्त 2026 को वे सेवानिवृत्त हुए।कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य राजेश कुमार शांडिल्य, सुरेंद्र कुमार राय, व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटिया, तथा संकुल मटिया के समस्त प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं स्टाफ उपस्थित रहे।संकुल प्राचार्य राजेश कुमार शांडिल्य ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों से अपने कर्तव्यों के प्रति विशेष सजग रहने तथा ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पूरी मेहनत एवं निष्ठा से कार्य करने की अपील की।इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधान पाठक किशोर कुमार कुजूर ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों में सीखने की रुचि एवं अच्छे संस्कार विकसित करना भी है। उन्होंने ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा शिक्षकों से पूरी निष्ठा एवं मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने अपने सेवाकाल में मिले सहयोग एवं स्नेह के लिए सभी शिक्षक साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार चौधरी ने किया। किशोर कुमार कुजूर का जीवन परिचय सतीश कुमार मिश्रा ने प्रस्तुत किया तथा सतीश कुमार महिलांगे ने आभार प्रदर्शन किया। उपस्थित शिक्षकों ने कुजूर के सुखद एवं स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएँ दीं।