दो गांवों के किसनों के खेत में मूंगफली प्रदर्शन का किया अवलोकन

दो गांवों के किसनों के खेत में मूंगफली प्रदर्शन का किया अवलोकन
किसानों ने बताया- फसल उत्पादन बेहतर, योजना से मिली राहत
बिलासपुर। उप संचालक कृषि बिलासपुर द्वारा NMEO-OS अंतर्गत मूंगफली प्रदर्शन का अवलोकन ग्राम हिर्री एवं रिस्दा में कृषक हेतराम पटेल, दीपक पटेल और राघवेंद्र चंदेल के खेत में किया गया। खेतों में हार्वेस्टिंग कार्य चल रहा है।

उप संचालक ने किसानों से चर्चा कर फसल की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि फसल उत्पादन अच्छा मिला है और उन्हें योजना का लाभ भी मिला है। ग्राम में लगभग 65 किसानों द्वारा 88 हेक्टेयर में मूंगफली की खेती की जा रही है। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन मूंग व उड़द की खेती भी की गई है। किसानों ने बताया कि फसल की स्थिति अच्छी है। इस योजना से किसानों में खुशी का माहौल है।

इसके अतिरिक्त छत्रपाल सिंह और दिग्पाल सिंह द्वारा दुग्ध पालन व्यवसाय किया जा रहा है। उन्नत नस्ल के गाय एवं भैंस से अच्छा दूध उत्पादन हो रहा है। नील हरित काई उत्पादन हेतु पांच टांका तैयार कर BGA कल्चर रन किया गया है, जिससे लगभग पांच क्विंटल BGA का उत्पादन प्राप्त होने की जानकारी दी गई। प्रगतिशील किसान राघवेंद्र चंदेल द्वारा सुपर कंपोस्ट निर्माण के लिए भी अच्छी तैयारी की गई है।

समन्वित कृषि कार्य किए जाने पर उप संचालक कृषि ने सराहना की एवं इसे वृहद रूप में अधिक से अधिक किसानों द्वारा अपनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय जनपद सदस्य प्रतिनिधि वीरू अंचल, कृषक मित्र गंगा राम, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ए.के. आहिरे, आरएईओ विजय, धीरज एवं ग्राम के किसान उपस्थित रहे।
