Blog

प्रदेश स्तरीय समाज गौरव सम्मान समारोह संपन्न

प्रदेश स्तरीय समाज गौरव सम्मान समारोह संपन्न

रायपुर। सृजन भूमि छत्तीसगढ़ दैनिक समाचार पत्र एवं छत्तीसगढ़ जन जागृति लोक कलाकार सांस्कृतिक समिति/कलाकार एसोसिएशन संघ के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में आयोजित प्रदेश स्तरीय समाज गौरव सम्मान समारोह 2026 सम्मान, संस्कृति और सामाजिक चेतना का एक ऐतिहासिक संगम बनकर उभरा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए समाजसेवियों, कलाकारों, पत्रकारों, शिक्षकों, साहित्यकारों एवं सांस्कृतिक कर्मियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को भव्यता प्रदान की।

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं ज्योति कलश पूजन के साथ हुआ। आयोजक एवं संपादक प्रीतलाल कुर्रे तथा निर्माता-निर्देशक, अभिनेता, लेखक एवं लोकगायक विनोद बर्मन के नेतृत्व में अतिथियों ने ज्ञान, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के दीप प्रज्वलित कर समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. चंद्रशेखर खरे एवं डॉ.भूपेंद्र गिलहरे, डॉ. छन्नूलाल बंजारे, आशीष कंठले, भागवत भारती, इंजीनियर सुरेश कुमार बंजारे, फिल्म निर्देशक डॉ. पुनीत सोनकर, डॉ. टेकराम साहू, महेंद्र कुमार कंठले, राज्य पुरस्कार प्राप्त डॉ. खम्हन दास भास्कर एवं मोहन दास बंजारे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, श्रीफल एवं शाल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. चंद्रशेखर खरे ने कहा कि प्रतिभाओं और समाजहित में कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान करना एक सकारात्मक सामाजिक परंपरा है, जो नई पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कला, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत लोग समाज की वास्तविक धरोहर हैं।

पत्रकारों को भी किया गया सम्मानित
गौरव सम्मान समारोह में नवा बिहान न्यूज़ के एडिटर रामगोपाल भार्गव एवं दस्तक दुनिया न्यूज़ के एडिटर लक्ष्मीकांत को भी प्रशस्ति पत्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र
समारोह में पंडवानी गायिका कुमारी टिकेश्वरी साहू एवं कुमारी योगेश्वरी सेन की ओजस्वी प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। लोकगीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए उत्कृष्ट प्रतिभागियों को समाज गौरव सम्मान 2026, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में समाज सेवा, पत्रकारिता, शिक्षा, लोककला, साहित्य, संगीत एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक विशिष्ट नाम शामिल रहे। समारोह में सैकड़ों प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सार्वजनिक मंच पर गौरवपूर्ण पहचान प्रदान की गई।

समाज में सकारात्मक परिवर्तन का उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर उनके कार्यों को नई पहचान देना है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में प्रेरणा और जागरूकता का सशक्त माध्यम बताया।

समारोह के समापन पर प्रीतलाल कुर्रे एवं विनोद बर्मन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, कलाकारों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी समाज, संस्कृति, शिक्षा एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने हेतु ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

सौहार्द, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और प्रतिभा सम्मान की भावना से ओतप्रोत यह आयोजन प्रदेश की प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय अवसर साबित हुआ।

Ramgopal Bhargav

मेरा नाम रामगोपाल भार्गव है, मैं (नवा बिहान न्यूज़) पोर्टल का संपादक हूँ। Navabihannews.com एक हिन्दी न्यूज़ पॉर्टल है इस पोर्टल छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश दुनियाँ की खबरों को प्रकाशित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button