Blog

10 हजार रुपये रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

10 हजार रुपये रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार


बिलासपुर। मस्तूरी विद्युत विभाग कार्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक बाबू को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के चलते विभागीय कार्यालय में करीब तीन घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पारघाट निवासी त्रिलोकी साहू ने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी लगभग एक एकड़ कृषि भूमि में शासन की योजना के तहत निःशुल्क विद्युत पोल स्थापित किया जाना था। इसके लिए उसने सीएसपीडीसीएल कार्यालय मस्तूरी में आवेदन प्रस्तुत किया था।
आरोप है कि कार्यालय में पदस्थ बाबू सहदेव कुमार चंद्रा ने विद्युत पोल लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाने के उद्देश्य से एसीबी से शिकायत की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी बिलासपुर ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के तहत प्रार्थी ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, जिसे लेते ही एसीबी की टीम ने बाबू सहदेव कुमार चंद्रा को रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, एसीबी की टीम द्वारा मस्तूरी बिजली विभाग कार्यालय में करीब तीन घंटे तक दस्तावेजों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की गई, जिससे पूरे कार्यालय में हड़कंप मचा रहा।

Ramgopal Bhargav

मेरा नाम रामगोपाल भार्गव है, मैं (नवा बिहान न्यूज़) पोर्टल का संपादक हूँ। Navabihannews.com एक हिन्दी न्यूज़ पॉर्टल है इस पोर्टल छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश दुनियाँ की खबरों को प्रकाशित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button