राज्योत्सव के पावन अवसर पर जिला पंचायत परिसर में महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय, हितग्राहियों को वितरित किए गए चेक

राज्योत्सव के पावन अवसर पर जिला पंचायत परिसर में महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय, हितग्राहियों को वितरित किए गए चेक

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के पावन अवसर पर जिला पंचायत बिलासपुर के प्रांगण में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत गठित महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी सह विक्रय स्टॉल लगाया गया। इस अवसर पर समूह की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए स्थानीय एवं आजीविका आधारित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय कर अपनी उद्यमशीलता, कौशल और आत्मनिर्भरता का परिचय दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव उपस्थित रहे। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी,जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं उनके स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से CIF (सामुदायिक निवेश निधि), बैंक लिंकेज एवं एंटरप्राइज (उद्यम) गतिविधियों के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को चेक वितरित किए गए। इस पहल से समूहों को आर्थिक गतिविधियों के विस्तार, नवीन उद्यमों की स्थापना तथा आजीविका के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रोत्साहन प्राप्त हुआ।उक्त कार्यक्रम में विकासखंड मस्तूरी बिल्हा तखतपुर एवं कोटा के BPM, एसी, PRP एवं पात्र महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यगण उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधक दिनेश कुमार शिवहरे एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) अजीत कुमार वर्मा की विशेष उपस्थिति रही।प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं द्वारा उत्पादित स्थानीय वस्तुओं को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों की पहचान एवं बिक्री को प्रोत्साहित करना तथा महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर करना रहा।राज्योत्सव के इस गरिमामय आयोजन ने ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा, परिश्रम, कौशल एवं उद्यमशीलता को एक सशक्त मंच प्रदान किया। साथ ही महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के संवर्धन, स्वरोजगार एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण*के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।