स्कूल प्रवेश उत्सव में ‘बेटी पढ़ाओ’ का संदेश

स्कूल प्रवेश उत्सव में ‘बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया बिलासपुर । शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पचपेड़ी में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में मस्तूरी विधायक एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपसचेतक दिलीप लहरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विधायक लहरिया ने छात्राओं को शिक्षा का महत्व बताते हुए कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां परिवार, समाज और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही। कार्यक्रम में प्राचार्य दिनेश कुर्रे,शिव सोनी,जीपी भार्गव,एफेम मिंज,एस एस पटेल,के पटेल,सही जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।