Blog

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली शिविर संपन्न

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली शिविर संपन्न

मस्तूरी। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं ग्रामीणों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जागरूकता एवं पंजीयन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर सौर ऊर्जा आधारित बिजली उत्पादन की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता प्रवीन कौशिक, नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी अनुभव सिंह, कनिष्ठ अभियंता निलेश कुमार तथा नगर पंचायत के सहायक अधिकारी भानुप्रताप निषाद उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सब्सिडी, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं सोलर पैनल स्थापना से होने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पीएम सूर्यघर योजना के माध्यम से आम नागरिक अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली उत्पादन कर सकते हैं। इससे न केवल मासिक बिजली बिल में भारी कमी आएगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर आर्थिक लाभ भी प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही यह योजना स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों में योजना को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कुल 16 ग्रामीणों ने योजना संबंधी जानकारी प्राप्त की, जबकि 08 हितग्राहियों ने मौके पर ही अपने घरों में सोलर पैनल स्थापना हेतु पंजीयन कराया। अधिकारियों ने अन्य ग्रामीणों से भी योजना का लाभ लेने और अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे लोगों को दीर्घकालिक आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिलेगा। ग्रामीणों ने भी शिविर की सराहना करते हुए इसे उपयोगी एवं जनहितकारी पहल बताया।

Ramgopal Bhargav

मेरा नाम रामगोपाल भार्गव है, मैं (नवा बिहान न्यूज़) पोर्टल का संपादक हूँ। Navabihannews.com एक हिन्दी न्यूज़ पॉर्टल है इस पोर्टल छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश दुनियाँ की खबरों को प्रकाशित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button