सेवा संकल्प अभियान को लेकर जनपद पंचायत में बैठक, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

सेवा संकल्प अभियान को लेकर जनपद पंचायत में बैठक, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
17 सितंबर को हर घर में जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, विकसित भारत 2047 के संकल्प में होगी जनभागीदारी
बिलासपुर/मस्तूरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित सेवा संकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 14 सितंबर 2026 को जनपद पंचायत मस्तूरी के सभा कक्ष में बैठक आयोजित की गई।बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मस्तूरी शिव कुमार कंवर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मस्तूरी जे.आर. भगत सहित विकास खंड के विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुखों एवं समस्त ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे।बैठक में शासन द्वारा निर्धारित 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा, गतिविधियों एवं मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तारपूर्वक दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान का प्रमुख उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लेना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाना है।बैठक में विशेष रूप से आगामी 17 सितंबर की संध्या को‘आशीर्वाद का दीया’कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अंतर्गत विकासखंड मस्तूरी के समस्त ग्रामों में स्व-सहायता समूह (SHG), ग्राम संगठन (VO), संकुल स्तरीय संगठन (CLF) एवं समूह की समस्त दीदियों/सदस्यों को अपने-अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनने हेतु प्रेरित किया गया।शासन की कार्ययोजना में प्रत्येक परिवार को केंद्र में रखते हुए घर-घर संपर्क एवं आमंत्रण तथा मैदानी टीमों के माध्यम से दीप प्रज्वलन सुनिश्चित करने का प्रावधान है।अधिकारियों ने ग्राम पंचायत सचिवों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि अभियान का ग्राम स्तर तक प्रभावी प्रचार-प्रसार करते हुए अधिकाधिक नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं स्व-सहायता समूहों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यक्रम के फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण कर निर्धारित माध्यम से रिपोर्टिंग करने पर विशेष जोर दिया गया।17 सितंबर की संध्या मस्तूरी विकास खंड के गांव-गांव में प्रज्वलित होने वाला प्रत्येक दीप जनसेवा के प्रति कृतज्ञता, राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।