
पॉक्सो एक्ट, सड़क सुरक्षा और महिला-बाल सुरक्षा पर विद्यार्थियों को किया जागरूक थाना प्रभारी
पचपेड़ी, बिलासपुर।विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी में बुधवार को “जन चेतना कार्यक्रम”*का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।कार्यक्रम की मुख्य वक्ता थाना प्रभारी पचपेड़ी कमला पुसाम ठाकुर ने विद्यार्थियों को यातायात नियम, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा पॉक्सो एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने कहा _”वर्तमान समय में हर छात्र-छात्रा को कानून की मूलभूत जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और समाज में जागरूकता का संदेश फैलाएं।”थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम के तहत बच्चों के अधिकारों और शोषण की स्थिति में बिना भय के शिकायत करने के लिए जागरूक किया।इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष अश्वनी टंडन, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र कांत,रमेश कांत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, नैतिक मूल्यों, शिक्षा के महत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया।कार्यक्रम में शिक्षक चितरंजन राठौर,आर. डी. सूर्यवंशी, राजेंद्र कुमार जांगड़े, अंकुश यादव,शकुंतला अहमद,ज्योति उपाध्याय,अश्वनी साहू सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन और कानून का सम्मान करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर का आभार व्यक्त किया।