Blog

तालाब, डबरी और शौचालय सहित कई कार्यों में मिलेगी जिम्मेदारी – सीईओ जे.आर. भगत

तालाब, डबरी और शौचालय सहित कई कार्यों में मिलेगी जिम्मेदारी – सीईओ जे.आर. भगत

1 दिसंबर से गांवों में फिर शुरू होंगे जी राम जी के काम, 250 से अधिक महिला मेटों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण – कार्यक्रम अधिकारी रुचि विश्वकर्मा

बिलासपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास कार्यों को नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। एक माह के विराम के बाद 1 दिसंबर से जी राम जी के तहत ग्राम पंचायतों में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य दोबारा शुरू किए जाएंगे। इसके मद्देनजर जनपद पंचायत मस्तूरी द्वारा सत्कार भवन में ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचीं 250 से अधिक महिला मेटों को योजना के तहत होने वाले कार्यों, उनकी जिम्मेदारियों और तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद पंचायत मस्तूरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जे.आर. भगत, कार्यक्रम अधिकारी रुचि विश्वकर्मा एवं एडीईओ स्वर्ण लता लकड़ा उपस्थित रहीं। वहीं प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी तकनीकी सहायक संजय पटेल एवं प्रमोद बंजारे व त्रिभुवन प्रसाद ने संभाली। उन्होंने महिला मेटों को तकनीकी प्रक्रियाओं, कार्यों के संचालन, श्रमिकों की उपस्थिति और निर्माण कार्यों की निगरानी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक समझाईं।*एक माह के विराम के बाद 1 दिसंबर से फिर शुरू होंगे विकास कार्य*जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर से 30 नवंबर तक कृषि के चरम कार्यों, विशेषकर धान कटाई के सीजन को ध्यान में रखते हुए जी राम जी के तहत जमीनी स्तर पर कार्यों को विराम दिया गया था। अब 1 दिसंबर से ग्राम पंचायतों में विकास कार्य दोबारा प्रारंभ किए जाने हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जनपद पंचायत मस्तूरी ने पहले से तैयारी करते हुए महिला मेटों का ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया, ताकि कार्य शुरू होने के साथ ही उन्हें तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो।*तालाब, डबरी और शौचालय सहित कई कार्यों में मिलेगी जिम्मेदारी*प्रशिक्षण के दौरान महिला मेटों को जी राम जी के अंतर्गत कराए जाने वाले तालाब निर्माण, डबरी निर्माण, शौचालय निर्माण सहित अन्य ग्रामीण विकास कार्यों की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों ने कार्यों की तकनीकी प्रक्रिया, श्रमिकों के नियोजन, कार्यस्थल पर निगरानी और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार काम कराने के तरीकों को विस्तार से समझाया।*महिला मेटों को सक्षम बनाने की पहल, जमीनी स्तर पर बढ़ेगी भागीदारी*इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला मेटों को केवल कार्यस्थल पर श्रमिकों की निगरानी तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें विकास कार्यों की तकनीकी प्रक्रिया और प्रबंधन की जानकारी देकर अधिक सक्षम बनाना भी है। 250 से अधिक महिलाओं की सहभागिता के साथ आयोजित इस प्रशिक्षण से ग्राम पंचायत स्तर पर महिला भागीदारी को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब 1 दिसंबर से शुरू होने वाले कार्यों में प्रशिक्षित महिला मेटों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।जनपद पंचायत मस्तूरी द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी विकास कार्यों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को धरातल पर उतारने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा कराने की जिम्मेदारी महिला मेटों एवं संबंधित अमले की होगी।

Ramgopal Bhargav

मेरा नाम रामगोपाल भार्गव है, मैं (नवा बिहान न्यूज़) पोर्टल का संपादक हूँ। Navabihannews.com एक हिन्दी न्यूज़ पॉर्टल है इस पोर्टल छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश दुनियाँ की खबरों को प्रकाशित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button