
“जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा” का शुभारंभ, 31 जुलाई तक मिलेंगी निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाएं
विश्व जनसंख्या दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की पहल, नसबंदी से लेकर कॉपर-टी तक सभी सुविधाएं उपलब्ध
मस्तूरी, बिलासपुर। दिनांक 11 जुलाई 2026। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर विकास खंड मस्तूरी में आज “जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा” का शुभारंभ किया गया। यह विशेष पखवाड़ा 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा।पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य आमजन को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही योग्य दंपत्तियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराना है।खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी ने बताया कि छोटे परिवार से न केवल माता एवं शिशु का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि परिवार का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होता है। पखवाड़े के दौरान मिलेंगी ये सेवाएं: स्वास्थ्य विभाग द्वारा विकास खंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में निम्न सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी:- परिवार नियोजन संबंधी परामर्श- पुरुष एवं महिला नसबंदी- अंतरा इंजेक्शन- IUCD / कॉपर-टी- गर्भनिरोधक गोलियां- कंडोम वितरण स्वास्थ्य कर्मियों को दिए गए दिशा-निर्देश कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी चिकित्सा अधिकारी, BPM, BETO, एएनएम, सीएचओ, सुपरवाइजर, मितानिन एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचकर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देना है।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन से अपील की है कि वे परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाएं और स्वस्थ, समृद्ध एवं खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।