संविधान ही हमें अधिकार और कर्तव्य दोनों सिखाता है संचालक मोहित कुमार

छत्रपति शिवाजी स्कूल भटचौरा में मनाया गया संविधान दिवस
बिलासपुर। मस्तूरी विकास खण्ड के अंतर्गत छत्रपति शिवाजी स्कूल भटचौरा में संविधान दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान में निहित मूल्यों – समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के पालन का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के संचालक मोहित कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान हमारे अधिकारों का रक्षक होने के साथ-साथ हमें कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बताया था। उनका संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।मोहित कुमार ने बच्चों से कहा कि वे संविधान को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उसे अपने जीवन में उतारें। अनुशासन, ईमानदारी, बड़ों का सम्मान और देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा ही सच्ची संविधान भक्ति है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, इसलिए उन्हें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझना होगा।इस दौरान विद्यार्थियों ने संविधान पर आधारित भाषण, निबंध एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिक्षकों ने बच्चों को मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और संविधान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्राचार्य धरम लाल पटेल, शिक्षक गण अमन पटेल, मनोज मरावी, कवल मानिकपुरी, सुनीता यादव, रेवती मरावी, रजनी पटेल, हिना निषाद, देविका मरावी, चांदनी सेन, दयासागर पटेल, गिरीश पटेल, मोनिका पटेल, तिलमती डहरिया, प्रीति घृतलहरे सहित विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।