संविधान दिवस पर सीईओ ने दिलाई संवैधानिक मूल्यों की शपथ

संविधान दिवस पर सीईओ ने दिलाई संवैधानिक मूल्यों की शपथ
सूरजपुर। संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सूरजपुर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संवैधानिक आदर्शों एवं मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई।कार्यक्रम में सीईओ ने कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। यह केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।उन्होंने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का पालन करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात कर ही हम एक समतामूलक और समृद्ध समाज का निर्माण कर सकते हैं।इस अवसर पर जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया।