लक्ष्मण मस्तूरिया प्रतिमा चौक के लिए हुआ भूमिपूजन

लक्ष्मण मस्तूरिया प्रतिमा चौक के लिए हुआ भूमिपूजन
राज्य की पहली मूर्ति मस्तूरी में स्थापित करेगी जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी
बिलासपुर। मस्तूरी शोषित छत्तीसगढ़ियों को अपनी रचनाओं से जगाकर छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में सांस्कृतिक योगदान देने वाले महान कवि लक्ष्मण मस्तूरिया की प्रतिमा स्थापना को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी आगे आई है। पार्टी ने मस्तूरी में प्रतिमा चौक के लिए बहुप्रतीक्षित भूमिपूजन किया।
पार्टी के बिलासपुर जिला अध्यक्ष ठा. शैलू छत्तीसगढ़िया ने बताया कि स्वर्गीय मस्तूरिया जी की प्रतिमा राजिम, मस्तूरी, रायपुर या बिलासपुर में स्थापित करने के लिए पार्टी पिछले 5 वर्षों से प्रयासरत थी, जो अंततः मस्तूरी में जमीन पर आया।
भूमिपूजन में आम छत्तीसगढ़ियों के साथ-साथ प्रदेश भर से पार्टी के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति रही। सभी ने राज्यगीत और मस्तूरिया जी के आम आदमी को जगाने वाले गीत गाकर भूमिपूजन किया। पार्टी का मानना है कि राष्ट्रीय महापुरुषों के साथ-साथ हमें राज्य के महापुरुषों को भी नहीं भूलना है।
उन्होंने बताया कि भूमिपूजन के बाद प्रतिमा निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने के लिए पार्टी प्रयास करेगी। साथ ही, प्रत्येक छत्तीसगढ़िया को इस महापुरुष से सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के लिए मूर्ति निर्माण हेतु एक-एक रुपये का योगदान लेने का अभियान भी चलाया जाएगा।