सामूहिक श्रमदान से दिया जनभागीदारी का संदेश

सामूहिक श्रमदान से दिया जनभागीदारी का संदेश
स्वच्छता पखवाड़ा: एनटीपीसी सीपत ने निकाली वृहत स्वच्छता जागरूकता रैली

बिलासपुर । एनटीपीसी सीपत में 30 मई 2026 को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत वृहत स्वच्छता जागरूकता रैली एवं सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में लगभग 800 लोगों ने सहभागिता की। रैली एनटीपीसी मुख्य द्वार से शुरू होकर सीपत हाट तक 1.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए निकाली गई, जिसमें स्वच्छता को जनभागीदारी बनाने का संदेश दिया गया।
श्रमदान और सफाई अभियान:
रैली मार्ग में एनटीपीसी गेट से सीपत हाट तक चिन्हित लगभग आठ स्थानों पर विशेष श्रमदान कर लंबे समय से जमा कूड़ा-कचरा हटाया गया। मुख्य मार्ग से लगे बलदेव तालाब क्षेत्र में भी व्यापक सफाई चलाई गई, जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का केंद्र है। विभिन्न स्थलों पर स्वच्छता संबंधी संदेश प्रदर्शित कर नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
व्यापक भागीदारी:
इस अभियान में एनटीपीसी सीपत के अधिकारियों-कर्मचारियों, उनके परिजन, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि, सीआईएसएफ जवान, बाल भारती पब्लिक स्कूल के शिक्षक-छात्र, स्थानीय पुलिस, संविदा एजेंसियों के कर्मचारी, ठेका श्रमिक, ग्रामीणजन एवं पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सीपत हाट पहुंचकर परियोजना प्रमुख और अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद कर स्वच्छ परिवेश के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझी जिम्मेदारी है।
पूर्व में की गई तैयारी:
अभियान से पूर्व एनटीपीसी सीपत द्वारा सरपंच, सीआईएसएफ, बाल भारती पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय, पुलिस प्रशासन, कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसियों एवं प्रेस क्लब के पत्रकारों के साथ बैठकें आयोजित कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की गई।
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी:
श्री सुरोजीत सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), श्री अशोक सरकार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन), श्री विकास खरे, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग), श्री अनुराग गौतम, अपर महाप्रबंधक (मेंटेनेंस), श्री जयप्रकाश सत्यकाम, प्रमुख (मानव संसाधन) सहित सभी विभागाध्यक्ष, बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य श्री सलभ निगम एवं सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय: 16 से 31 मई 2026 तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत एनटीपीसी सीपत द्वारा क्विज, चित्रकला, निबंध लेखन, स्वच्छता शपथ एवं अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है।