
बिहान योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर व्यापक समीक्षा
बिलासपुर। जनपद पंचायत मस्तूरी में “बिहान योजना” अंतर्गत समस्त कैडरों की एक विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक की गई प्रगति, उपलब्धियों तथा क्रियान्वयन के दौरान उत्पन्न विभिन्न समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया। बैठक में एजेंडावार समीक्षा करते हुए प्रत्येक बिंदु का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया तथा कार्य में आ रही बाधाओं के समाधान हेतु ठोस एवं व्यवहारिक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से इस पर बल दिया गया कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल आंकड़ों तक सीमित न रहकर वास्तविक हितग्राही-केंद्रित परिणामों पर आधारित होना चाहिए। इसी उद्देश्य से आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई, जिसमें सभी संबंधित कैडरों की भूमिकाएं एवं उत्तरदायित्व स्पष्ट रूप से निर्धारित किए गए। कार्ययोजना में सतत अनुश्रवण, पारदर्शिता एवं समय-समय पर प्रगति की समीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।
साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत विकासखंड मस्तूरी के लगभग 5000 अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु विशेष रणनीति बनाई गई। जिला कलेक्टर बिलासपुर के निर्देशानुसार बिहान योजना के समस्त कैडरों को हितग्राहियों से नियमित संपर्क कर उन्हें आवास निर्माण हेतु प्रेरित करने तथा क्षेत्रीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ समन्वय कर समय-सीमा में सभी अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराने का दायित्व सौंपा गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मस्तूरी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ही प्रशासन की सफलता का वास्तविक मापदंड है, अतः सभी को समन्वित प्रयासों से लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।
उपस्थित प्रमुख अधिकारी: सीईओ जे.आर. भगत, जिला मिशन प्रबंधक दिनेश कुमार शिवहरे, डीईओ ललित कुजूर, मिथिलेश देवांगन, प्रभारी विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बिहान) श्रीमती स्वर्णलता लकड़ा, विकासखंड समन्वयक (आवास) श्रीमती चेतना यादव, सहायक विकास विस्तार अधिकारी योगेश कुमार नेताम, शमसुन निशा तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर उमेश कुमार श्रीवास सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर सभी ने योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त की।