धर्मगुरु बालदास साहेब और विधायक धरमलाल कौशिक रहे मौजूद, कहा भवन से बढ़ेगी सामाजिक एकता और समरसता

धर्मगुरु बालदास साहेब और विधायक धरमलाल कौशिक रहे मौजूद, कहा भवन से बढ़ेगी सामाजिक एकता और समरसता
बोड़सरा धाम में मंगल भवन निर्माण का भूमिपूजन राजा गुरु बालकदास साहेब को किया नमन
बिलासपुर। बिल्हा विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बोड़सरा धाम में शूरवीर, महान प्रतापी एवं बलिदानी राजा गुरु बालकदास साहेब जी की पुण्यधरा पर मंगल भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया।समारोह में राजागुरु,धर्मगुरु परम पूज्य पिताश्री गुरु बालदास साहेब, बिल्हा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सतनामी समाज के प्रमुखजन, श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने राजा गुरु बालकदास साहेब जी की प्रतिमा स्थल पर श्रद्धापूर्वक वंदन कर मंगल भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।धर्मगुरु बालदास साहेब का उद्बोधनसमारोह को संबोधित करते हुए धर्मगुरु बालदास साहेब जी ने कहा कि राजा गुरु बालकदास साहेब का जीवन त्याग, शौर्य, बलिदान और समाज सुधार का अद्वितीय प्रतीक है। उन्होंने अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई और समाज को सत्य, अहिंसा और समानता का मार्ग दिखाया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सच्ची समरसता और एकता स्थापित हो सकती है। यह मंगल भवन समाज के हर सुख-दुख, धार्मिक अनुष्ठान और सामाजिक आयोजनों का केंद्र बनेगा।विधायक धरमलाल कौशिक का उद्बोधनवरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि बोड़सरा धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि हमारी आस्था, इतिहास और गौरवशाली परंपरा की पहचान है। यहां मंगल भवन का निर्माण लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी, जो आज पूरी हो रही है। इस भवन के बनने से क्षेत्रवासियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। यह भवन सामाजिक एकता और सेवा कार्यों को नई गति देगा।उन्होंने आगे कहा कि सुशासन सरकार में विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रदेश के सभी वर्गों के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा एवं राजा गुरु बालकदास साहेब के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करना ही हमारा ध्येय है।