
लीलागर नदी उफान पर, 40 घर जलमग्न, 25 लोग बाढ़ में फंसे, रेस्क्यू कर बचाया
मस्तूरी-बिलासपुर हाईवे पर बाढ़ जैसे हालात, कमर तक भरा पानी, 5 घंटे तक रुका रहा ट्रैफिक
बिलासपुर। 17 जुलाई 2026 पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे बिलासपुर-मस्तूरी क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। *हाईवे पर 5 घंटे का जाम* मस्तूरी-बिलासपुर नेशनल हाईवे के तिरंगा चौक के पास सड़क पर कमर तक पानी भर गया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे दिन यात्री परेशान होते रहे। प्रशासन की निगरानी के बाद शाम 5 बजे जाकर ट्रैफिक बहाल हो सका।*नदी-नाले उफान पर, संपर्क टूटा* लीलागर नदी के उफान पर आने से जांजगीर का संपर्क टूट गया है। भरारी ,केंवटा डीह टांगर, विद्या डीह टांगर, भूतहा और बोहाडीह गांवों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया।*40 घरों में घुसा पानी* बोहाडीह, केवटाडीह टांगर,केवटाडीह भूतहा विद्याडीह टांगर और सोन गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 35 से 40 घर जलमग्न हो गए हैं। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।*रिस्दा में रेस्क्यू* मस्तूरी तहसील के ग्राम रिस्दा में चारों तरफ पानी भर जाने से 25 ग्रामीण फंस गए थे। सूचना मिलते ही प्रशासन, SDRF, पुलिस और राजस्व की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।*जनपद कार्यालय में भी पानी* मस्तूरी जनपद पंचायत कार्यालय में भी बारिश का पानी भर गया। फाइलें और कंप्यूटर भीग गए। कर्मचारियों ने मोटर पंप लगाकर पानी निकाला।प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।