
कॉलेज ऑफ फार्मेसी में राष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य शुभारंभ
विशेषज्ञों ने साझा किए नवीन शोध
बिलासपुर। सांदीपनी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, पेन्ड्री (मस्तूरी), बिलासपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का प्रथम दिवस पर भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन का विषय “औषधीय नैनो प्रौद्योगिकी एवं हर्बल विज्ञान में नवीन प्रगति एवं भविष्य की संभावनाएँ” रखा गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. पी.के. घोष तथा गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर के प्राध्यापक डॉ. शेखर वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथियों ने कहा कि औषधीय नैनो प्रौद्योगिकी एवं हर्बल विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर अनुसंधान एवं नवाचार अत्यंत आवश्यक है, जिससे समाज को बेहतर एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा सकें। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नवीन तकनीकों को अपनाने तथा अनुसंधान गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी, उत्तराखंड के सह-प्राध्यापक डॉ. राम कुमार साहू ने अपने व्याख्यान में नवीन अनुसंधान तकनीकों एवं औषधि निर्माण में आधुनिक विधियों पर विस्तृत जानकारी साझा की।
सम्मेलन के प्रथम दिवस में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों ने अपने अनुसंधान पत्र प्रस्तुत किए तथा विषय विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
सम्मेलन का प्रथम दिवस अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक रहा। द्वितीय दिवस में भी विभिन्न तकनीकी सत्र, पोस्टर प्रस्तुतियाँ एवं विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।