
छत्तीसगढ़ में साइबर फ्रॉड का मुख्य सरगना गिरफ्तार
रेंज साइबर पुलिस बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 17.21 लाख रुपये की ठगी का खुलासा
बिलासपुर। रेंज साइबर थाना बिलासपुर द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण में प्रार्थिया, निवासी नर्मदा नगर कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर से आरोपियों द्वारा शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर विभिन्न तिथियों में कुल 17,21,100 रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी की गई थी। मामले की शिकायत प्राप्त होने पर रेंज साइबर थाना बिलासपुर द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान आरोपी रजत तोमर (32 वर्ष), पिता दिनेश तोमर, निवासी शिवाजी नगर खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग तथा स्थायी निवासी सुप थाना रमाला, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) की संलिप्तता सामने आई। साइबर पुलिस द्वारा सतत निगरानी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर उनके बैंक खाते प्राप्त करता था तथा खाताधारकों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन के लिए करता था। आरोपी खाताधारकों को दिल्ली तक लेकर गया था और साइबर अपराध में उनके खातों का उपयोग करता था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी दुर्ग छोड़कर उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में है। इस पर रेंज साइबर पुलिस बिलासपुर ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
उक्त कार्रवाई आईजीपी श्री रामगोपाल गर्ग, एसएसपी श्री रजनेश सिंह एवं नोडल अधिकारी श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न की गई। कार्रवाई में निरीक्षक कामिल हक, सहायक उप निरीक्षक अरविंद सिंह, वरिष्ठ आरक्षक भानू प्रताप, दीपक यादव एवं दीपक कौशिक का विशेष योगदान रहा।