Blog

अब गांव के लोगों को बैंकिंग के लिए नहीं करनी पड़ेगी दूर की यात्रा

अब गांव के लोगों को बैंकिंग के लिए नहीं करनी पड़ेगी दूर की यात्रा

मल्हार में खुली छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की नई शाखा

बिलासपुर। ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी मल्हार के लिए बुधवार का दिन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बन गया। यहां छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की 629 वीं शाखा तथा बिलासपुर जिले की 37 वीं शाखा का शुभारंभ किया गया। नई शाखा खुलने से अब मल्हार और आसपास के गांवों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूसरे शहरों या कस्बों का रुख नहीं करना पड़ेगा। किसानों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, छोटे व्यापारियों और आम ग्रामीणों को बचत, ऋण, सरकारी योजनाओं की राशि, पेंशन तथा डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। शाखा का उद्घाटन बैंक के अध्यक्ष विनोद अरोरा ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश सिंह राजपूत, कॉर्पाेरेट कार्यालय से श्रीनिवास, वरिष्ठ प्रबंधक (परिचालन) दिनेश चौहान, सामान्य बैंकिंग प्रभारी राहुल शर्मा, शाखा प्रबंधक धीरज, कार्यालय सहायक यश गुप्ता,सेव निवृत्ति शिक्षक शेष नारायण गुप्ता,अवधेश,लक्ष्मी वस्त्रालय के संचालक नरेन्द्र, सत्य राय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अरोरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सुलभ बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना बैंक की प्राथमिकता है। उन्होंने बैंक की विभिन्न बचत एवं ऋण योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नई शाखा क्षेत्र के आर्थिक विकास और वित्तीय लेनदेन को नई गति देगी। उन्होंने साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से सावधान रहें। ग्रामीणों ने भी नई शाखा के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया। उनका कहना था कि अब बैंकिंग कार्यों के लिए समय और धन दोनों की बचत होगी तथा गांवों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई मजबूती मिलेगी।

Ramgopal Bhargav

मेरा नाम रामगोपाल भार्गव है, मैं (नवा बिहान न्यूज़) पोर्टल का संपादक हूँ। Navabihannews.com एक हिन्दी न्यूज़ पॉर्टल है इस पोर्टल छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश दुनियाँ की खबरों को प्रकाशित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button